Published on Aug 25, 2025

संयोजन: सोमा सरकार

तेज़ी से बदलती जलवायु में पानी एक ओर सबसे बड़ी चुनौती है और दूसरी ओर समाधान भी. अब शोध में पानी को केवल एक भौतिक पदार्थ नहीं, बल्कि ऐसे तंत्र (सिस्टम) के हिस्से के रूप में देखा जा रहा है, जो हमारे शहरों और समुदायों को आकार देने वाली सामाजिक, राजनीतिक, पर्यावरणीय और आर्थिक शक्तियों से जुड़ा है. तेज़ शहरी बदलावों के कारण पानी का प्रवाह और जटिल हो गया है—कभी पाइप और नालियों से, तो कभी भूजल और नदियों से—जो हमारी रोज़मर्रा की ज़िंदगी से गहराई से जुड़ा है. लेकिन इसी जटिलता के साथ कमज़ोरियाँ और खतरे भी बढ़ जाते हैं.

दुनिया भर के शहर — जैसे फ़्लिंट, साओ पाउलो, केप टाउन, मुंबई, दिल्ली, चेन्नई और बेंगलुरु — अलग-अलग रूपों में गंभीर जल संकट झेल रहे हैं. इन संकटों में पानी की कमी, प्रदूषण, टूटी-फूटी व्यवस्था, कमजोर प्रशासन और असमान पहुँच जैसी समस्याएं शामिल हैं. जलवायु परिवर्तन ने इन्हें और भी बिगाड़ दिया है. समुद्र के बढ़ते स्तर, पिघलते ग्लेशियर और बदलते बारिश के पैटर्न बताते हैं कि पानी हमारी पर्यावरणीय चुनौतियों का केंद्र है. लेकिन यही पानी हमारे समाधान का आधार भी हो सकता है — प्रकृति-आधारित उपायों, आधुनिक ढांचे, सबको शामिल करने वाले शासन और लचीली नीतियों के ज़रिए, जो जमीनी स्तर पर मज़बूती पैदा करें.

विश्व जल सप्ताह 2025 की थीम “जलवायु कार्रवाई के लिए पानी” के अनुरूप यह वेब सीरीज ऐसे लेखों का संग्रह है, जो पानी को जलवायु संकट से निपटने और उसके अनुकूलन का अहम साधन मानते हैं. यह सीरीज़ अलग-अलग क्षेत्रों और विषयों को जोड़ते हुए शहरी जल प्रबंधन के महत्वपूर्ण पहलुओं पर चर्चा करती है—जैसे नॉन-रेवेन्यू वाटर का प्रबंधन, जल प्रदूषण, सुरक्षित जल प्रथाएँ, पहाड़ी और तटीय शहरों का भविष्य. इसके साथ ही यह शहरी जलस्रोतों के पुनर्जीवन, जल प्रणालियों में नवाचार और सीमा पार सहयोग की संभावनाओं को भी तलाशती है. ये योगदान मिलकर यह स्पष्ट करते  जल प्रणालियाँ पारिस्थितिक लचीलापन, सामाजिक समानता और जलवायु कार्रवाई को आगे बढ़ाने की मज़बूत ताक़त बन सकती हैं.

पानी केवल एक क्षेत्रीय चिंता नहीं है, बल्कि वही माध्यम है जिसके ज़रिए जलवायु संकट और पर्यावरणीय गिरावट सबसे ज़्यादा महसूस और हल किए जाते हैं. यह श्रृंखला इस बात पर ज़ोर देती है कि हमें लचीलापन (resilience) बढ़ाने की रणनीतियाँ हर स्तर पर अपनानी होगी — घरों से लेकर जलग्रहण क्षेत्रों तक, स्थानीय समुदायों से लेकर वैश्विक संस्थाओं तक. इसी सोच के साथ पानी को जलवायु कार्रवाई के केंद्र में दोबारा देखने की ज़रूरत है.

Publications