इस सीरीज़ में हम समझने की कोशिश करेंगे कि बजट 2026–27 और आर्थिक सर्वेक्षण मिलकर भारत की समुद्री रणनीति, रोज़गार, आय सुरक्षा और समावेशी विकास को किस तरह एक साझा दिशा में ले जाने का प्रयास कर रहे हैं, और क्यों अब आर्थिक नीतियों को केवल कर कटौती तक सीमित रखना पर्याप्त नहीं है.
भारत का आम बजट 2026 देश के समुद्री इकोसिस्टम के लिए एक निर्णायक क्षण है. ऐसे दौर में जब वैश्विक व्यापार के रास्ते बदल रहे हैं और आपूर्ति श्रृंखलाएँ नए सिरे से आकार ले रही हैं, बजट 2026 यह साफ संकेत देता है कि भारत अपने समुद्री भविष्य को वैश्विक महत्वाकांक्षाओं के अनुरूप ढालते हुए घरेलू क्षमताओं को उसका आधार बनाना चाहता है. बंदरगाहों से लेकर लॉजिस्टिक्स और शिपिंग तक, समुद्र अब केवल व्यापार का माध्यम नहीं बल्कि रणनीतिक ताकत का स्रोत बनता जा रहा है.
लेकिन यह बजट केवल समुद्री बुनियादी ढाँचे या निवेश की कहानी नहीं है. आज भी भारत की आधी आबादी असुरक्षित आय, अनिश्चित रोज़गार और सीमित अवसरों के बीच कमाई की जंग लड़ रही है, जहाँ न्यूनतम जीवन स्तर कई लोगों के लिए अब भी दूर का लक्ष्य है. ऐसे में बजट 2026–27 यह सवाल सामने रखता है कि आर्थिक नीति का उद्देश्य सिर्फ मध्यम वर्ग की जेब को राहत देना हो या उस कामकाजी और गरीब आबादी की वास्तविक स्थितियों में बदलाव लाना, जो अर्थव्यवस्था की असली नींव है.
इसी पृष्ठभूमि में आर्थिक सर्वेक्षण 2025–26 सामने आया है, जब वैश्विक ‘पॉलीक्राइसिस’,भू-राजनीतिक तनाव, व्यापारिक अनिश्चितता, आर्थिक विभाजन और गहराती जा रही है. यह सर्वेक्षण संकेत देता है कि आने वाले वर्षों में भारत की विकास कहानी विनिर्माण और सेवाओं के गहरे अंतर्संबंध से आकार लेगी, जहाँ दोनों क्षेत्र एक-दूसरे के पूरक बनकर उत्पादकता बढ़ाएँगे और भारत की वैश्विक प्रतिस्पर्धी स्थिति को नई ऊँचाइयों तक ले जाएँगे.